शिक्षक युवा पीढ़ी को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में निभा सकते हैं अहम भूमिका : एसडीएम रितिका पाटीदार*

Breaking Ticker

शिक्षक युवा पीढ़ी को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में निभा सकते हैं अहम भूमिका : एसडीएम रितिका पाटीदार*

 *शिक्षक युवा पीढ़ी को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में निभा सकते हैं अहम भूमिका : एसडीएम रितिका पाटीदार*

*ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने पेटलावद में 51 शिक्षकों का किया सम्मान, आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षा के महत्व पर हुआ मंथन*

(मनोज पुरोहित)

पेटलावद। ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग केंद्र झाबुआ के तत्वावधान में प्रशासनिक विभाग एवं समाज सेवा प्रभाग द्वारा पेटलावद में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय प्रभाग के 51 शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों की समाज एवं राष्ट्र निर्माण में भूमिका, विद्यार्थियों को संस्कारवान बनाने तथा आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीएम श्रीमती रितिका पाटीदार ने कहा कि देश और राष्ट्र के भविष्य के लिए युवा पीढ़ी को सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। विशेषकर छोटे बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक उनकी मजबूत नींव तैयार करते हैं, जिसके आधार पर वे आगे चलकर बड़ी कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चे कई तरह के आकर्षण और चुनौतियों से गुजर रहे हैं, ऐसे में शिक्षक उन्हें भटकाव से निकालकर सही मार्ग पर ला सकते हैं। शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास भी करते हैं।

एसडीएम ने कहा कि समाज के सभी वर्ग यदि मिलकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें तो निश्चित रूप से बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं। ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा शिक्षकों के सम्मान और उनके माध्यम से समाज में अच्छे विचारों के प्रसार का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों और संस्कारों के कारण ही हम अपने जीवन में आगे बढ़ पाए हैं। जब बच्चों की नींव मजबूत होगी, तभी उनका भविष्य मजबूत बनेगा और मजबूत भविष्य से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण होगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच देने का आह्वान किया।


“कलम ही कमाल करती है, कलम ही राह दिखाती है”: ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी


कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी, ग्वालियर ने कहा कि कलम ही कमाल करती है और कलम ही राह दिखाती है। बिना कुछ किए जय-जयकार नहीं होती। अच्छे कार्य के लिए एक-दूसरे को प्रोत्साहित और एप्रिशिएट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान और सामाजिक ज्ञान हमारे जीवन में होने वाली गलतियों को रिपेयर करने का कार्य करते हैं। व्यक्ति को बड़ा आदमी बनने से पहले अच्छा इंसान बनने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीवन में हुई गलतियों को हम कई बार भुला नहीं पाते, लेकिन यदि प्रगति करनी है तो कुछ बातों और गलतियों को पीछे छोड़ना पड़ेगा। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना ही जीवन की वास्तविक प्रगति है। शिक्षकों की भूमिका विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए शिक्षक स्वयं भी सकारात्मक विचारों और श्रेष्ठ मूल्यों को अपनाकर बच्चों तक पहुंचाएं।


ब्रह्माकुमारी संस्था के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से पधारे राजयोगी भ्राता हरीश भाई ने धर्म, आध्यात्मिकता तथा शिक्षकों की बच्चों के प्रति जिम्मेदारी और भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन में केवल शिक्षा देने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों से जोड़ना आज की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में धामनोद सेवा केंद्र से पधारी ब्रह्माकुमारी प्रीति बहन, माउंट आबू से पधारे गायक राजयोगी रमेश भाई, इंदौर रोटरी क्लब से पधारे राकेश भाई, झाबुआ सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी एवं ज्योति दीदी, बीईओ देवेंद्र कुमार ओझा, लायंस क्लब अध्यक्ष अनुराग गौड़ तथा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष एवं वरिष्ठ लायन मनोज जानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

समारोह में शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन ज्योति दीदी ने किया। आभार प्राचार्य पीएल चौहान ने माना। समारोह में शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग की उपनिरीक्षक अनिता तोमर ने नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। ज्योति दीदी ने शपथ दिलाई। ध्यान योग व छोटी छोटी कहानियों ने माध्यम से पूरे परिसर को खुशनुमा बनाया।

 



 

मध्यप्रदेश़ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177 मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177
"
"