*प्रख्यात संत कमलकिशोर जी नागर को जान से मारने की धमकी, पेटलावद में अनुयायियों ने निकाली रैली; सोपा ज्ञापन Z+ सुरक्षा की मांग*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद।सुप्रसिद्ध कथावाचक संत कमलकिशोर जी नागर को धमकी मिलने के विरोध में उनके अनुयायियों ने बुधवार को पेटलावद में आक्रोश मार्च निकाला। शंकर मंदिर से शुरू हुई यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस थाना पहुंची। इस दौरान सुखराम कातिजा ने बताया कि इस घटना से संत श्री के अनुयायियों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ज्ञापन का वाचन जितेंद्र पाटीदार द्वारा किया गया। अंत में अनुयायियों ने तहसीलदार यशपाल मुजाल्दे और थाना प्रभारी (टीआई) निर्भयसिंह भूरिया के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा।
*घटना का विवरण और सुरक्षा पर संकट*
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गत 4 सितंबर 2026 को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा संत श्री कमलकिशोर जी नागर को सम्मान में भेंट की जाने वाली शॉल और श्रीफल के बीच एक आपत्तिजनक व जान से मारने की धमकी भरा पत्र रखा गया था। इस कायराना हरकत से न केवल महाराजश्री बल्कि उनके पूरे परिवार के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इस प्रकार की घटना का होना संपूर्ण प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
*अनुयायियों में भारी आक्रोश और प्रमुख मांगें*
घटना की जानकारी मिलते ही समस्त सनातन समाज और देश-प्रदेश में फैले उनके लाखों-करोड़ों अनुयायियों में भारी आक्रोश व असुरक्षा की भावना व्याप्त है। महामहिम राज्यपाल से मुख्य रूप से तीन सूत्रीय मांगें की गई हैं।
*उच्च स्तरीय जांच:* एसआईटी (SIT) या किसी विशेष एजेंसी के माध्यम से इस षड्यंत्र की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए।
*त्वरित गिरफ्तारी:* धमकी देने वाले मुख्य आरोपियों और उनके सहयोगियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई हो।
*Z+ सुरक्षा:* संत श्री कमलकिशोर जी नागर और उनके परिवार को तत्काल प्रभाव से 'जेड प्लस' (Z+) सुरक्षा प्रदान की जाए।
*उपस्थित प्रमुख लोग*
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान लालू पाटीदार, कांतिलाल पाटीदार, सुखराम कातिजा, सतीश जायसवाल, रामलाल पाटीदार, सौरभ चतुर्वेदी, जगन्नाथ पाटीदार, दुर्गादास मोटापाला, निलेश मीणा, संजय बैरागी और अमृत पाटीदार सहित बड़ी संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे।

.jpg)



.jpg)
















