*पेटलावद में पर्युषण के बाद भी जारी है तपस्या का दौर, संयम डूंगरवाल ने पूर्ण किए 11 उपवास*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद ।श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ पेटलावद में पर्युषण पर्व संपन्न होने के बाद भी तपस्या का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में किशोर अणु धार्मिक पाठशाला के छात्र संयम डूंगरवाल ने 11 उपवास पूर्ण किए हैं। छोटी उम्र में उनके द्वारा किए गए इस बड़े तप की चारों और सराहना हो रही है।
श्री संघ और मित्रों द्वारा भव्य सम्मान
संयम डूंगरवाल की इस प्रेरणादायक तपस्या पर श्री संघ द्वारा उनका विशेष सम्मान किया गया। इस दौरान उनकी माता साधना डूंगरवाल और मित्र अथर्व बरमेचा ने 8/9 उपवास की बोली लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही, संयम के 25 से अधिक मित्रों ने आगामी 11 दिनों तक रात्रि भोजन न करने का नियम लेकर अनूठे अंदाज में उनका सम्मान किया।
छोटी उम्र से ही धार्मिक और तपनिष्ठ रहे हैं संयम
उल्लेखनीय है कि संयम डूंगरवाल कम उम्र से ही निरंतर तपस्या और धार्मिक गतिविधियों में आगे रहे हैं। उन्होंने पिछले वर्ष भीषण गर्मी के दौरान आयोजित शिविर में तीन उपवास की तपस्या की थी, जिसकी प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनि जी महाराज साहब और तत्वज्ञ पूज्य धर्मेंद्र मुनि जी महाराज साहब ने विशेष प्रशंसा की थी। वे पाठशाला के नियमित छात्र हैं और उन्होंने कई धार्मिक पाठ तथा स्तुतियां मुखाग्र याद कर रखी हैं।
किशोर तपस्वी संयम डूंगरवाल की इस निष्ठा और साधना की साध्वीश्री रुचिता जी महाराज साहब एवं साध्वीश्री आशा श्री जी महाराज साहब ने भी बहुत-बहुत अनुमोदना की है।

.jpg)

.jpg)
















