*श्रद्धा के साथ मनाया गया गुरुदेव सौभाग्यमल जी मसा का 42 वाँ पुण्य स्मृति दिवस*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद।मालव केसरी, वाणी के जादूगर, प्रसिद्ध वक्ता, शास्त्र प्रभावक एवं जन-जन की आस्था के प्रतीक गुरुदेव सौभाग्यमल जी महाराज साहब का 42 वाँ पुण्य स्मृति दिवस स्थानीय स्थानक भवन में जप-तप और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित गुणवानुवाद सभा में वक्ताओं ने उनके महान व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुणवानुवाद सभा में श्रीसंघ के सचिव पारसमल सोलंकी ने श्रीसंघ की ओर से आदरांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आचार्य भगवंत पूज्य उमेश मुनि जी मसा को दीक्षा पाठ पढ़ाने वाले पूज्य सौभाग्यमल जी मसा की कीर्ति पूरे देश में है।
स्वाध्यायी सोहनलाल चाणोदिया, जितेंद्र कटकानी एवं रोहित कटकानी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समता एवं सरलमना पूज्य गुरुदेव का श्रमण संघ पर हमेशा वरदहस्त बना रहा है। धर्म और समाज के लिए जीने वाले ऐसे युग पुरुषों को लोग वर्षों तक याद रखते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि पूज्य गुरुदेव का प्रभाव केवल हिंदी भाषी प्रदेशों तक ही नहीं था, वरन दक्षिण भारत के साथ मुंबई में भी उन्होंने अपनी वाणी के प्रभाव से जो अलख जगाई थी, उसकी यशकीर्ति आज भी दिखलाई दे रही है।
*आप दुर्भागी नहीं सौभागी मानिए*
इस मौके पर चातुर्मास हेतु विराजित साध्वी जी ने अपने प्रवचन में फरमाया कि आज हम जिनकी पुण्यतिथि मना रहे हैं, उनका नाम ही सौभाग्य रहा है। उन्होंने उपस्थित जनों से कहा कि आप अपने आप को सौभाग्यशाली समझिए क्योंकि इस मालवा क्षेत्र से उनका गहरा नाता रहा है। साध्वी जी ने आगे फरमाया कि संसारी जीव हर समय अनुकूलता चाहता है, प्रतिकूलता नहीं। उन्होंने संदेश दिया कि कभी भी अपने आप को दुर्भागी मत मानिए, क्योंकि जिन पंक्तियों में हम गाते हैं कि गुरु हमारे बड़े सौभागी, तो हम भी सौभाग्यशाली ही हैं।
*नवकार मंत्र के जाप हुए*
कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित श्रावक- श्राविकाओं ने नवकार महामंत्र का जाप एवं श्री गुरु सौभाग्य चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इस धार्मिक माहौल के बीच सभा में तपस्वी शालू अंकित मुरार ने 11 उपवास के प्रत्यख्यान ग्रहण किए, जिनका सभी ने अनुमोदना की। इस आयोजन में श्रीसंघ के अध्यक्ष अशोक मेहता सहित पेटलावद के अलावा झाबुआ, रतलाम, रायपुरिया, टेमरिया एवं रावटी क्षेत्र से पधारे अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र कटकानी द्वारा किया गया।

.jpg)

.jpg)
















