मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का थांदला में शुभारंभ,
एसडीएम भास्कर गाचले ने गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं, मौके पर कराया समाधान
मनोज उपाध्याय,
थांदला। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत थांदला विकासखंड में अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को ग्राम पंचायत छोटा जुलवानिया से एसडीएम भास्कर गाचले की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में तहसीलदार सुकदेव डावर, जनपद पंचायत के सीईओ देवेंद्र बहाड़िया, ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के शुभारंभ पर एसडीएम भास्कर गाचले ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की मंशा एवं उद्देश्यों से ग्रामीणों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान कुछ विभागों के अधिकारी शिविर से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
शिविर में एसडीएम भास्कर गाचले ने महिला उद्यमियों से विशेष संवाद किया। उन्होंने सेंट्रिंग व्यवसाय, किराना दुकान, बकरी पालन सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए प्राप्त शासकीय ऋण, व्यवसाय से होने वाली आय, लाभ, चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं को शिविर में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर जनविश्वास अभियान की भावना को साकार किया गया।
शिविर से पहले विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और सहकारी समिति का किया निरीक्षण
जनविश्वास शिविर में पहुंचने से पूर्व एसडीएम भास्कर गाचले ने ग्राम पंचायत परवलिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक नहीं मिलने तथा आवश्यक सुविधाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने प्राचार्य एवं शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई और शिक्षा व्यवस्था में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपस्वास्थ्य केंद्र परवलिया का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट मिलने पर एसडीएम ने सीएचओ की सराहना करते हुए बेहतर कार्य के लिए प्रशंसा व्यक्त की।
इसके उपरांत कृषि सहकारी साख समिति परवलिया का निरीक्षण कर खाद, यूरिया एवं डीएपी के स्टॉक तथा भंडारण की जांच की गई। एसडीएम ने किसानों से भी खाद की उपलब्धता के संबंध में चर्चा की। समिति प्रबंधक ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत किसानों को खाद का वितरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में खाद, यूरिया एवं डीएपी की कोई कमी नहीं है।
इसके बाद एसडीएम भास्कर गाचले ने जुलवानिया बड़ा के प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनवाड़ी में बच्चों की अनुपस्थिति पर कार्यकर्ता ने बताया कि भोजन कराने के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय में साफ-सफाई, मेनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन वितरण तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का मेनू बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल उसे लगाने के निर्देश दिए।
प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होंगे जनविश्वास शिविर
एसडीएम भास्कर गाचले ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत 8 जनवरी तक प्रत्येक शुक्रवार विकासखंड के विभिन्न क्लस्टरों एवं बड़ी ग्राम पंचायतों में जनविश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करेगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करेगा।
दिनभर चले निरीक्षण, संवाद और समस्या समाधान की इस पहल ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की मूल भावना को साकार किया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला प्रभावी अभियान बताया।

.jpg)



.jpg)
















