*डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने संभाला सीएमएचओ झाबुआ का पदभार
*स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद।झाबुआ जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ.एम.एल.चोपड़ा ने मंगलवार को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के पद का विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रशासनिक आदेश के तहत डॉ. एम.एल. चोपड़ा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे पेटलावद में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रबंधन एवं जनहितकारी कार्यों के लिए पहचाने जाते रहे हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ.एम.एल.चोपड़ा ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने, ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नए सीएमएचओ का स्वागत करते हुए बेहतर नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद व्यक्त की है। विशेष रूप से दूरस्थ आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में नए प्रयास किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
डॉ.एम.एल.चोपड़ा के पदभार ग्रहण करने के साथ ही झाबुआ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

.jpg)

.jpg)
















