चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त वरिष्ठजनों का सम्मान

Breaking Ticker

चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त वरिष्ठजनों का सम्मान


पंचाल समाज के 55 लोगों ने रक्तदान कर थामा जीवनधारा अभियान का हाथ

चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त वरिष्ठजनों का सम्मान

झाबुआ,मनोज उपाध्याय ,,

जिला प्रशासन के ‘जीवनधारा अभियान’ को सहयोग देते हुए श्री विश्वकर्मा पंचाल विकास सेवा समिति, झाबुआ/आलीराजपुर द्वारा थांदला के मेट्रो गार्डन में चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान व रक्त समूह परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रारंभ में स्वागत भाषण समिति के अध्यक्ष जगदीश पंचाल ने दिया और अतिथि परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार सचिव हरीश पंचाल ने माना।


रक्तदान शिविर में दिखा उत्साह

शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और 55 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। थांदला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा ने पहली बार रक्तदान कर महिलाओं को रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया। वहीं रक्त समूह परीक्षण शिविर की शुरुआत 11 माह के निवान धर्मेंद्र पंचाल के रक्त समूह परीक्षण से हुई।


कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री वीरसिंह भूरिया मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता थांदला एसडीएम श्री भास्कर गाचले ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में थांदला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा एवं दाहोद से आए समाजसेवी श्री धर्मेंद्र पंचाल मौजूद रहे।

रक्तदान से देहदान तक का आह्वान

समाजसेवी धर्मेंद्र पंचाल ने रक्तदान के साथ नेत्रदान एवं अंगदान के लिए भी लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को जीवन मिल सकता है। युवाओं को इस सेवा कार्य में आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए।

अतिथियों के उद्बोधन

एसडीएम भास्कर गाचले ने कहा - "समाज का यह कार्य अभिनंदनीय है। प्रतिभा सम्मान से विद्यार्थियों में प्रतियोगी भावना विकसित होगी और रक्तदान शिविर में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आगे आना जागरूक समाज की पहचान है।"

विधायक वीरसिंह भूरिया ने कहा - "समाज ने जागरूक होकर रक्तदान किया है, यह हमारे यहाँ के सिकल सेल से पीड़ित लोगों के काम आएगा। मैं पंचाल समाज का आभार मानता हूँ कि उन्होंने रक्तदान का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया।"

नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा ने कहा - "पंचाल समाज की जागरूकता से अन्य समाज भी सीखेंगे और मानवता को बचाने के लिए रक्तदान के पुनीत कार्य में आगे आएंगे।"

मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठजनों का सम्मान

समाज के अध्यक्ष श्री जगदीश पंचाल एवं सचिव श्री हरीश पंचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में कुल 70 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। जिसमें कक्षा 8वीं के 27, कक्षा 10वीं के 19, कक्षा 12वीं के 14, खेलकूद क्षेत्र के 8 तथा उच्च शिक्षा के 2 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके साथ ही राजनीति के क्षेत्र में दायित्ववान 6 कार्यकर्ताओं एवं शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए 5 वरिष्ठ समाजजनों का भी सम्मान किया गया।

भामाशाह का विशेष सम्मान

कार्यक्रम में भामाशाह के रूप में समाजसेवी श्री प्रवीन पंचाल एवं श्रीमती वर्षा पंचाल का विशेष स्वागत-सम्मान किया गया। साथ ही खरडू पंचाल समाज द्वारा भव्य श्री विश्वकर्मा मंदिर निर्माण करने पर एवं सिद्धेश्वर रामायण मंडल, काकनवानी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ करने पर समिति द्वारा उनका भी सम्मान किया गया।

जीवनधारा अभियान के साथ का लिया संकल्प


रक्तदान शिविर के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन ने सेवा और शिक्षा - दोनों क्षेत्रों में समाज की प्रतिबद्धता को सामने रखा। समिति के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने जीवनधारा अभियान को आगे भी सहयोग देने का संकल्प लिया।

यह रहे उपस्थित

आयोजन समिति के सदस्य के रूप में समाज के वरिष्ठ श्री बाबूलाल पंचाल झाबुआ, डॉ. परमानंद पंचाल, प्रवीण पंचाल भगोर, कुंतल पंचाल, विनोद पंचाल झाबुआ, मुकेश पंचाल, अल्केश पंचाल, राजेंद्र पंचाल, दुर्गेश पंचाल, महिला मंडल की माया पंचाल, कांता पंचाल, शारदा पंचाल सहित बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में संपूर्ण पंचाल समाज का योगदान रहा।

 



 

मध्यप्रदेश़ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177 मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177
"
"