*सनातन परम्परा ओर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अध्यक्ष वीरेंद्र भट्ट ओर नवीन कार्यकारिणी ने ली सेवा की शपथ*
*कर्मयोग की प्रेरणा से सेवा पथ पर बढ़ा लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर,*
*वृंदा आनंदम गौशाला बना ड्रीम प्रोजेक्ट*
*11 सेवा गतिविधियों के साथ नवीन सत्र का शुभारंभ,*
*गौशाला के लिए भूमि दाता परिवार ने दिए 2.22 लाख रुपये*
(मनोज पुरोहित)
*पेटलावद।* भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश को सेवा का आधार बनाते हुए लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर का षष्टम अधिष्ठापन समारोह सेवा पथ उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समारोह में नवीन कार्यकारिणी ने सेवा को अपना संकल्प बनाते हुए पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम की सबसे प्रभावी प्रस्तुति डिजिटल स्क्रीन पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और कर्मयोग के संदेश को जोड़ते हुए कराई गई शपथ रही, जिसने उपस्थित जनों को सेवा, कर्तव्य और निष्काम कर्म का संदेश दिया।
शपथ अधिकारी एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रश्मि गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग और भक्तियोग की व्याख्या करते हुए कहा कि मनुष्य का दायित्व कर्म करना है। प्रयास पूरी निष्ठा से होना चाहिए और सेवा किसी सम्मान, पद या व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा से नहीं, बल्कि निष्काम भाव से की जानी चाहिए। उन्होंने डिजिटल माध्यम से प्रत्येक पदाधिकारी को भगवान कृष्ण के जीवन और कर्मयोग के प्रसंगों से जोड़ते हुए उसके दायित्वों का बोध कराया और शपथ दिलाई। शपथ की यह अनूठी शैली समारोह का प्रमुख आकर्षण रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। ध्वज वंदना एवं राष्ट्रगान लायन अमिता भंडारी ने प्रस्तुत किया। अतिथियों का क्लब सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। धार के श्री हरिदास नृत्य ग्रुप ने राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
मुख्य अतिथि एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन जयप्रकाश त्रिपाठी ने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर ने हमेशा सेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों और कहानियों के माध्यम से नवीन पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
शपथ के बाद नवीन अध्यक्ष लायन वीरेंद्र भट्ट को अतिथियों द्वारा गांग-गेवल प्रदान किया गया तथा निवर्तमान और नवीन अध्यक्ष के बीच पिन का आदान-प्रदान हुआ। सचिव लायन उषा प्रजापति, कोषाध्यक्ष लायन सुनील राठौड़, प्रथम उपाध्यक्ष लायन चंद्रशेखर गुप्ता सहित पूरी कार्यकारिणी ने पद एवं सेवा की शपथ ग्रहण की। पदभार ग्रहण के दौरान पं. अरविंद भट्ट, पं. प्रफुल्ल शुक्ला, पं. अशोक रामावत एवं पं. वेंकट त्रिवेदी द्वारा वेद मंत्रों का वाचन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो उठा।
*वृंदा आनंदम गौशाला सेवा पथ का सबसे बड़ा संकल्प*
नवीन अध्यक्ष लायन वीरेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में वृंदा आनंदम गौशाला को क्लब का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि गौसेवा के इस संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए क्लब का प्रत्येक सदस्य पूरी ऊर्जा के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व धन्नालाल परवार एवं शंकरलाल परवार परिवार द्वारा गौशाला निर्माण के लिए 40 हजार वर्गफीट भूमि दान में दी गई थी।
उन्होंने कहा कि इस भूमि पर वृंदा आनंदम गौशाला का निर्माण कर उसे सेवा के केंद्र के रूप में प्रारंभ करना क्लब के आगामी कार्यकाल का प्रमुख लक्ष्य है। गौसेवा के इस प्रकल्प को पूरा करने के लिए सदस्यों के साथ समाज के सहयोग की भी अपील की गई। उन्होंने कहा कि क्लब का यह वर्ष सेवा पथ पर नए कीर्तिमान स्थापित करने का वर्ष रहेगा।
गौशाला के निर्माण के संकल्प को और मजबूती तब मिली, जब भूमि दानदाता परवार परिवार के धन्नालाल परवार एवं शंकरलाल परवार ने पृथक-पृथक 1 लाख 11 हजार 111 रुपये, यानी कुल 2 लाख 22 हजार 222 रुपये, के चेक क्लब को भेंट किए। भूमि दान के बाद निर्माण में आर्थिक सहयोग देकर परिवार ने गौसेवा के इस प्रकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।
*11 सेवा गतिविधियों से हुआ नए कार्यकाल का शुभारंभ*
नवीन अध्यक्ष के कार्यकाल का शुभारंभ महज औपचारिकता के साथ नहीं, बल्कि 11 सेवा गतिविधियों के माध्यम से किया गया। इनमें स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरण, एक बेटी को गोद लेकर उसकी दूसरी कक्षा से बारहवीं तक की शिक्षा की जिम्मेदारी लेना, जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन देकर रोजगार का साधन उपलब्ध कराना तथा चार दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान करना शामिल रहा।
इसके साथ ही पूरे वर्ष में 500 पौधे लगाने का संकल्प, लायंस रक्तदूत योजना के तहत रक्तदाताओं का सम्मान, ‘लायन समाधान सेतु’ के माध्यम से जरूरतमंदों को शासकीय कार्यों में सहयोग तथा लायंस स्वास्थ्य संकल्प के अंतर्गत प्रत्येक माह एक रविवार को बीपी एवं शुगर जांच शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया गया। वर्षभर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देने के लिए एक गांव को गोद लेकर वहां के 40 किसानों को रसायन मुक्त खेती के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया है। यह गतिविधि संपर्क मध्यप्रदेश के सहयोग से की जाएगी। इसके साथ ही ’’वृंदा आनंदम गौशाला का निर्माण पूर्ण कर उसे प्रारंभ करना’’ नवीन कार्यकाल के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल किया गया है।
*सेवा में आगे रहने वाले समाजसेवियों और रक्तदाताओं का सम्मान*
समारोह में वर्षभर सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया गया। 21 से अधिक बार रक्तदान करने वाले 13 रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें हरिश चौधरी, मनीष गुप्ता, अमित अग्रवाल, लखन सिंह चौहान, नारायण बोराना, महेश पुरोहित, ऋतुराज राठौर, रायचंद्र कटारा, अमित रायपुरिया, जयंतीलाल लछेटा, महेंद्र हामड़, अभिजीत वर्मा एवं नीरज कोराने शामिल रहे।
आजाद रक्तदान समूह के संचालक मंडल के अनुज सिंह धानक, गोपाल लछेटा, नितिन पिपलोदिया, सरस भायल, कांतिलाल डामर, भूपेंद्र राठौड़, महेश पाटीदार, पवन खराड़ी एवं आनंद प्रजापत का भी सम्मान किया गया। गौ एवं मानव सेवा में योगदान देने वाले विनोद पुरोहित, महेंद्र अग्रवाल, नंदूजी पुरोहित, नरेंद्र मोदी, दीपेश मौन्नत, संजय जैन एवं शुभम देवड़ा सहित समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकार साथियों का भी क्लब द्वारा सम्मान किया गया।
*अतिथियों ने क्लब के सेवा कार्यों को सराहा*
विशेष अतिथि जनपद अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने सहित क्लब के सेवा कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। नगर परिषद अध्यक्ष ललिता गामड़ ने कहा कि क्लब लगातार सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
रिजन चेयरपर्सन एवं क्लब के चार्टर अध्यक्ष लायन अनिल शर्मा ने कहा कि क्लब के प्रत्येक सदस्य की सेवा के प्रति सक्रियता ने महज छह वर्षों में क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने गौसेवा के संकल्प को क्लब का सबसे बड़ा संकल्प बताया। निवर्तमान अध्यक्ष एवं झोन चेयरपर्सन लायन जीवन भंडारी ने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए क्लब की सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
समारोह के अंत में निवर्तमान अध्यक्ष लायन जीवन भंडारी ने क्लब सदस्यों को अध्यक्षीय अवार्ड से सम्मानित किया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर हेमंत भट्ट, ओम प्रकाश भट्ट, जितेंद्र मेहता, मनोहर भटेवरा,मुकेश परमार, मुकेश पडियार, संजय चाणोदिया, डॉ एसके महाजन, डॉ जीएस चोयल, अशोक मेहता सहित क्लब सदस्य सुरेश प्रजापति, नवीन वैरागी, प्रवीण पंवार,राजेश सिंधराज, चेतन कटकानी, दिलीप पाटीदार, डॉ सुरेश प्रजापति, कोमल सिंगार, मनीष पाटीदार, गणेश जाट, अनिरूद्व अग्रवाल रजनीश पटवा,पवन गुप्ता, ममता पंवार, लक्ष्मी वैरागी, रेखा यादव,प्रेरणा पुरोहित, जिज्ञासा भट्ट, रेखा शर्मा, रिंकु राठौड,मनीषा गुप्ता, पायल पाटीदार, अनिता प्रजापति,पूजा अग्रवाल,किरण सिंधराज,ज्योती पाटीदार आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन लायन रविराज पुरोहित एवं लायन राजेश यादव ने किया। आभार प्रदर्शन क्लब सचिव लायन उषा प्रजापति ने किया। समारोह में क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे

.jpg)






.jpg)
















