**सीपीआर का प्रायोगिक प्रदर्शन कर बताया हार्ट अटैक में शुरुआती मिनट में कैसे करें मरीज की देखभाल*
**लायंस क्लब ऑफ़ पेटलावद ग्रेटर ने सेवा सप्ताह में सी पी आर का दिया प्रशिक्षण**
(मनोज पुरोहित)
**पेटलावद।** लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत जन अभियान परिषद के सहयोग से विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं को महिलाओं के कानूनी अधिकार, उच्च शिक्षा के अवसर, साइबर अपराधों से बचाव तथा हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में जीवन बचाने वाली सी पी आर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन)तकनीक की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
**सी पी आर का किया प्रायोगिक प्रदर्शन**
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रिदम हॉस्पिटल से आए डॉ. धवल प्रजापति द्वारा दिया गया सी पी आर प्रशिक्षण रहा। उन्होंने बताया कि हृदयाघात या अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में एंबुलेंस या चिकित्सकीय सहायता आने तक सही तरीके से CPR देना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
डॉ. धवल प्रजापति ने CPR की पूरी प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन कर छात्र-छात्राओं को समझाया। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार मरीज की स्थिति की जांच करनी है, सहायता के लिए संपर्क करना है और किस प्रकार छाती पर दबाव देकर CPR की प्रक्रिया शुरू करनी है। उन्होंने हृदय रोग के कारणों, बचाव के उपायों, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने हृदय रोग और CPR से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनके चिकित्सक ने सरल तरीके से उत्तर दिए।
*अध्यक्ष वीरेंद्र भट्ट की सार्थक पहल*
लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर के अध्यक्ष लायन वीरेंद्र भट्ट ने स्वागत भाषण में कहा कि “सेवा ही परम लक्ष्य” क्लब की वर्षभर की गतिविधियों का आधार है। क्लब विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ जनजागरूकता के कार्य भी कर रहा है।
*सेवा ही धर्म*
झोन चेयरपर्सन लायन जीवन भंडारी ने कहा कि सेवा ही परम धर्म है और इसी भावना के साथ लायंस क्लब लगातार सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक प्रवीण पंवार ने कहा कि जन अभियान परिषद और लायंस क्लब दोनों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता और जागरूकता पहुंचाना है।
**वरिष्ठजनों और महिला शक्ति का सम्मान**
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब द्वारा नगर के वरिष्ठजनों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी एवं मार्गदर्शक मुकुट चौहान, शिक्षाविद हरिकृष्ण शुक्ला तथा सनातन सेवा कार्यों में सक्रिय किशनलाल काग का सम्मान किया गया। महिला शक्ति के रूप में असालिया सरपंच, कमला पडियार, बीना रायपुरिया सहित अन्य महिलाओं का भी सम्मान किया गया।
*इनका रहा सहयोग*
इस अवसर पर लायंस क्लब के एग्जीक्यूटिव केबिनेट सेक्रेटरी लायन सुरेश प्रजापति, रजनीश पटवा, पवन गुप्ता, अंकित सोनी, जिज्ञासा भट्ट, ममता पंवार, निशा गुप्ता, निशा सोनी सहित क्लब एवं जन अभियान परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

.jpg)


.jpg)
















