*नवरात्रि में कन्या पूजन के साथ सेवा भारती के नए महिला प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ*
*निःशुल्क सिलाई, मेहंदी और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल*
(मनोज पुरोहित)
**पेटलावद।** नवरात्रि का पावन पर्व शक्ति, श्रद्धा और नारी सम्मान का प्रतीक है। इसी आध्यात्मिक भावना को सेवा और समाज कल्याण से जोड़ते हुए सेवा भारती द्वारा नए सत्र के शुभारंभ पर कन्या पूजन के साथ महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिलाई, मेहंदी एवं ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया।
सोमवार, 12 अक्टूबर को आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसके पश्चात नवरात्रि के विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए सेवा भारती समिति के सदस्यों ने 11 कन्याओं का विधिवत पूजन किया तथा उन्हें भेंट प्रदान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धा, संस्कार और सेवा भावना से परिपूर्ण इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान और कन्या पूजन की परंपरा को सार्थक रूप प्रदान किया।
इस अवसर पर सेवा भारती के जिला अध्यक्ष हरिओम पाटीदार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सेवा भारती का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और उन्हें रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं न केवल अपनी आजीविका अर्जित कर सकती हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में भी योगदान दे सकती हैं।
नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ कन्या पूजन और महिला प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ इस संदेश को भी रेखांकित करता है कि नारी का सम्मान केवल पूजा तक सीमित न रहे, बल्कि उसे शिक्षा, कौशल और स्वावलंबन के अवसर भी प्राप्त हों। जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं, तो परिवार के साथ-साथ पूरा समाज प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम में जिला समिति के सदस्य रितेश निमजा , राजेश सिंधराज, प्रकल्प प्रभारी वीरेंद्र भट्ट, सुरेश प्रजापति, रवि पाटीदार सहित सहयोगी नेहा मकवाना, गायत्री मोरवाल, माही परमार,गीता दीदी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महिला प्रशिक्षण सत्र के सफल संचालन और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
आम जनता से अपील की है कि वह यहां जरूरतमंद महिलाओं को प्रशिक्षण के लिए भेज सकते हैं

.jpg)

.jpg)
















