*सांसद चौहान की उपस्थिति में शिवकुंड धाम में मनाई गई शबरी जयंती*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद।शिवकुंड धाम में रविवार को माता शबरी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाई गई। “चले राम शबरी धाम” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस धार्मिक आयोजन में माता शबरी का विशेष पूजन किया गया, उन्हें चुनरी ओढ़ाई गई और महाआरती उतारी गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर शिवकुंड धाम पहुंचे और माता शबरी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ एवं संत श्री 1008 श्यामाचरण दास जी महाराज के पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्कृत प्रचारक मोहन डामर एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अकमालसिंह डामोर द्वारा माता शबरी को श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित की गई। शबरी जयंती के विशेष अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता शबरी को बेर का भोग लगाया, जिसके बाद महाप्रसादी का वितरण किया गया।
*एक मात्र मंदिर क्षेत्र में*
मान्यता के अनुसार शिवकुंड धाम में माता शबरी का एकमात्र मंदिर स्थापित है, जहां प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में हनुमान प्रांगण में संत श्री लोकेश नाथ जी महाराज के सानिध्य में सुंदरकांड का पाठ संपन्न हुआ। इंदौर के सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर द्वारा आयोजित 108 सुंदरकांड संकल्प श्रृंखला का यह तीसरा पाठ शिवकुंड धाम में पूर्ण हुआ।
भक्तिमय वातावरण में ढोल-धमाकों के साथ श्री राम दरबार की भव्य एवं जीवंत झांकी निकाली गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। ग्राम पांचपिपला से निकली इस झांकी में प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण का स्वरूप धारण किए पात्रों ने माता शबरी के दर्शन किए, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
*सांसद ने भी दर्शन किए*
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अनिता नागरसिंह चौहान भी शिवकुंड धाम पहुंचीं और माता शबरी व भगवान शिव के दर्शन किए। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सांसद को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए पानी की टंकी, सीसी रोड निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण एवं बोरवेल जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
आयोजन में मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, जनपद सदस्य कालुसिंह दरबार, अभय जैन, सरपंच भागुसिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

.jpg)



.jpg)
















