*लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल ने नर्स दीदियों को सम्मानित कर मनाया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल द्वारा स्थानीय शासकीय सिविल चिकित्सालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में अपनी निस्वार्थ सेवाएँ दे रही नर्सों (नर्स दीदियों) का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
चिकित्सा क्षेत्र की रीढ़ हैं नर्सें: डॉ. चोयल
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर जी.एस. चोयल ने नर्सों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, निश्चित ही चिकित्सा क्षेत्र में नर्स दीदियों की सेवाएँ अत्यंत बहुमूल्य हैं। एक डॉक्टर उपचार लिखता है, लेकिन उस उपचार को ममता और आत्मीयता के साथ धरातल पर उतारने का कार्य नर्सें ही करती हैं।
विशिष्ट अतिथि और समाजसेवी लायन पारसमल कोटडिया ने कहा कि डॉक्टर के उपचार के बाद जिस प्रकार नर्सें दिन-रात मरीज की देखभाल करती हैं, वही सच्ची मानवता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपकी यही सेवा मरीज को नया जीवन दान देती है। क्लब अध्यक्ष गजेंद्र काग ने सभी नर्सों की सेवाओं को नमन करते हुए उनके समर्पण भाव की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रबोध मोदी ने क्लब की सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लायंस क्लब पेटलावद सेंट्रल चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहा है। क्लब द्वारा पूर्व में भी सिविल चिकित्सालय को आवश्यक चिकित्सा सामग्री जैसे सीटीजी मशीन, पलंग, गद्दे और बच्चों का वेंटिलेटर भेंट किया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित में सहयोग का यह क्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत लायन चिंतन मंडलोई द्वारा प्रस्तुत ध्वज वंदना से हुई। लायन नरेंद्र चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों और नर्स दीदियों का शाब्दिक स्वागत किया। लायन पवन भंडारी और लायन नीलेश भट्ट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नर्सों के धैर्य और साहस की प्रशंसा की।
नर्स दीदियों की ओर से श्रीमती संगीता झाला और कंचन काग ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लायंस क्लब के इस सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से काम करने का उत्साह और सेवा की भावना और अधिक प्रबल होती है। संचालन प्रबोध मोदी ने किया। आभार लायन अनुराग गौड़ ने माना।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य
अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के माध्यम से समाज को यह संदेश देना है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सें केवल एक सहायक नहीं, बल्कि उपचार प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो बिना थके मानवता की सेवा में जुटी रहती हैं।

.jpg)



.jpg)
















