देवीगढ़ में किसान पर जानलेवा हमला: पुरानी रंजिश में चार बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटकर किया अधमरा
थांदला/देवीगढ़। झाबुआ जिले के ग्राम देवीगढ़ में गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक किसान पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। गांव के निवासी कलसिंग डामोर पर पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही चार युवकों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने कलसिंग को रास्ते में घेरकर बाइक से नीचे उतारा और लाठी-डंडों से बेरहमीपूर्वक मारपीट की। इस हमले में उनका एक हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित कलसिंग डामोर ने पुलिस को बताया कि लगभग 5-6 माह पूर्व उनके भतीजे हरिश डामोर द्वारा गांव के मोतिया राठौड़ का एक्सीडेंट हो गया था। उस मामले में भील पंचायत के माध्यम से समझौता हो चुका था, लेकिन इसी घटना की रंजिश मन में रखते हुए मोतिया राठौड़ के पुत्र आशिष, मनेश, रोहित और मोहित राठौड़ ने उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर दो लोगों ने कलसिंग को पकड़ लिया और बाकी ने लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर गांव के सरपंच राजेश बामनिया, मुन्ना सिंगाड़िया सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल किसान की जान बचाई। आरोपी मौके से फरार होते समय जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
घायल कलसिंग डामोर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में झाबुआ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

.jpg)

.jpg)
















