*सुंदरकाण्ड की चौपाइयों से सराबोर हुआ पेटलावद*
*हरि सुंदरकाण्ड मंडल की टोली ने जीता प्रथम पुरस्कार*
*बजरंग रामायण मंडल की पंचम सुंदरकांड प्रतियोगिता हुई भव्यता के साथ संपन्न*
(मनोज पुरोहित)
*पेटलावद।* हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर एवं स्वर्गीय मंगल भट्ट की पुण्य स्मृति में श्री बजरंग रामायण मंडल द्वारा आयोजित “पंचम भव्य सुंदरकाण्ड प्रतियोगिता” ने नगर को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। बामनिया रोड स्थित सुंदर मैरिज गार्डन में बुधवार रात्रि आयोजित इस भव्य आयोजन में सुंदरकाण्ड की मधुर चौपाइयों और प्रभु श्रीराम के जयघोष से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सायं 8 बजे आरम्भ हुआ यह आध्यात्मिक आयोजन देर रात 1:30 बजे तक निरंतर चलता रहा, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं युवा वर्ग उपस्थित रहे। पूरा परिसर “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से गुंजायमान होता रहा।
*मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति से हुआ शुभारंभ*
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्वालियर से पधारे सुप्रसिद्ध सुंदरकाण्ड वक्ता एवं लेखक अंकित शर्मा द्वारा गणेश वंदना एवं हनुमान चालीसा के सस्वर पाठ से हुआ। उनकी प्रभावशाली वाणी और चौपाइयों की भावपूर्ण व्याख्या ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाते हुए मंडलों के गायन में शब्दों की शुद्धता, भाव अभिव्यक्ति और संगीतात्मक प्रस्तुति को प्रमुख आधार बनाया।
*कड़े मुकाबले में इन मंडलों ने जीते पुरस्कार*
प्रतियोगिता में विभिन्न नगरों और राज्यों से आए सुंदरकाण्ड मंडलों ने अपनी मधुर प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
प्रथम पुरस्कार (₹22,222) – स्व. मिठालालजी नंदलालजी अग्रवाल की स्मृति में श्री हरि सुंदरकाण्ड मंडल (बरमंडल), प्रतापगढ़ – राजस्थान,द्वितीय पुरस्कार (₹15,555) – स्व. मोहनलालजी चोयल की स्मृति में श्री महाकाल म्यूजिकल ग्रुप, धामनोद (निमाड़),तृतीय पुरस्कार (₹11,111) – स्व. डॉ. देवेन्द्र प्रसाद भट्ट की स्मृति में श्री प्रेम म्यूजिकल सुंदरकाण्ड ग्रुप, सुठालिया (ब्यावरा),चतुर्थ पुरस्कार (₹7,777) – स्व. रघुवीरसिंह गौड़ की स्मृति में श्री लवकुश बंधु भक्ति मंडल, बिजयनगर (अजमेर),पंचम पुरस्कार (₹6,666) – स्व. पुरुषोत्तमजी सामवेदी की स्मृति में श्री रामदास रामायण मंडल, अलीराजपुर,षष्ठम पुरस्कार (₹5,555) – स्व. विजयजी देवड़ा की स्मृति में श्री सनमुख सुंदरकाण्ड परिवार, सुखसर (गुजरात)
*प्रभु श्रीराम की भव्य आरती के साथ हुआ समापन*
कार्यक्रम के अंत में प्रभु श्रीराम और हनुमानजी की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन के दौरान व्यवस्थाएँ अत्यंत सुचारू रहीं। महिलाओं के लिए पृथक बैठक व्यवस्था की गई थी तथा सभी भक्तों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था पाटीदार ट्रैक्टर्स के रोहित पाटीदार एवं राहुल पाटीदार द्वारा की गई।
*श्री बजरंग रामायण मंडल की सतत धर्मसेवा*
इस भव्य आयोजन का संचालन श्री बजरंग रामायण मंडल, पेटलावद द्वारा किया गया, जो वर्षों से नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में धर्मभावना जागृत करने का कार्य कर रहा है।
मंडल द्वारा नगर में अनेक सुंदरकाण्ड पाठ, रामायण मंडलियों के आयोजन, हनुमान जयंती उत्सव, भक्ति संध्याएँ तथा धार्मिक जागरण आयोजित किए जाते रहे हैं। इनके माध्यम से युवाओं और समाज में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और रामभक्ति के प्रति विशेष जागरण का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
इसी क्रम में स्व. मंगल भट्ट की स्मृति में आयोजित सुंदरकाण्ड प्रतियोगिता अब नगर की एक प्रतिष्ठित धार्मिक परंपरा का रूप ले चुकी है, जो हर वर्ष श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की नई ज्योति प्रज्वलित करती है।
सहयोगियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सुंदर मैरिज गार्डन, श्रीराम डीजे, श्रीराम एलईडी, पड़ियार डिजिटल स्टूडियो, झलक फोटो स्टूडियो, ऋषि मुलेवा, श्री दुर्गाधाम परिवार तथा पाटीदार ट्रैक्टर्स का मंच से विशेष सम्मान किया गया।कार्यक्रम का कुशल संचालन विकास चौहान द्वारा किया गया
इस प्रकार सुंदरकाण्ड की मधुर चौपाइयों और भक्तों की आस्था ने पूरे नगर को एक बार फिर राममय बना दिया, जहां भक्ति की स्वर लहरियों में डूबा हर श्रद्धालु स्वयं को प्रभु श्रीराम की कृपा से अभिभूत महसूस कर रहा था।

.jpg)



.jpg)
















