दीपावली पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग हुआ सक्रिय, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण कर दी गई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की हिदायतें
राजेश डामर, थांदला।
आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को थांदला नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं पटाखा दुकानों की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक टीम द्वारा निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस निरीक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश मंडलोई, एसडीओपी नीरज नामदेव, थाना प्रभारी अशोक कनेश, तहसीलदार सुखदेवसिंह डावर एवं नगर परिषद सीएमओ कमलेश जयसवाल शामिल रहे। दल ने नगर के मुख्य बाजार, आजाद चौक ,पीपली चौराहा , बस स्टैंड क्षेत्र, सब्जी मंडी और मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दीपावली के अवसर पर संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अग्नि सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने एवं अवैध पटाखा विक्रय पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से भी संवाद किया और उन्हें स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था और सड़क पर अतिक्रमण से बचने की हिदायत दी। साथ ही त्योहार के दौरान स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय वस्तुओं की खरीदारी करने की अपील की गई।
इसी क्रम में टीम ने ग्राम पंचायत खजुरी में पटाखा बाजार का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर दुकानों के बीच दूरी पर्याप्त नहीं है। इस पर सरपंच को निर्देशित किया गया कि सभी पटाखा दुकानों को निर्धारित दूरी और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही स्थापित कराया जाए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, बाल सुरक्षा और दुकान लाइसेंस की वैधता सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
नगर परिषद कर्मचारियों को प्रवेश मार्गों पर बेरिकेट्स लगाने, ट्रैफिक को डायवर्ट करने, और भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि दीपावली के दौरान नगर में साफ-सफाई, रोशनी और जलभराव रहित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता से भी अपील की कि वे दीपावली का पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं, कम आवाज़ वाले पटाखों का उपयोग करें तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखें।

.jpg)





.jpg)
















