*मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत 191 तीर्थयात्रियों का हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए प्रस्थान*
*मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को दिखाई हरी झंडी*
*सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया*
मनोज उपाध्याय,राजेश डामर,मनोज पुरोहित
झाबुआ, मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत दिनांक 26 जून 2026 से 29 जून 2026 तक आयोजित होने वाली हरिद्वार-ऋषिकेश यात्रा हेतु झाबुआ जिले के तीर्थ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत इस यात्रा में झाबुआ जिले से लगभग 191 तीर्थयात्री, 4 अनुरक्षक एवं 5 सुरक्षाकर्मी सम्मिलित हुए हैं। यात्रा के दौरान तीर्थयात्री हरिद्वार एवं ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रियों को शुक्रवार को मेघनगर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन द्वारा रवाना किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को यात्रा के लिए रवाना किया।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत इस यात्रा में झाबुआ जिले से लगभग 191 तीर्थयात्री, 4 अनुरक्षक एवं 5 सुरक्षाकर्मी सम्मिलित हुए हैं। यात्रा के दौरान तीर्थयात्री हरिद्वार एवं ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग की भावनाओं और आस्था का सम्मान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना इसी संवेदनशील सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे वरिष्ठजन हैं, जिनकी वर्षों से तीर्थ यात्रा करने की इच्छा होती है, लेकिन विभिन्न कारणों से वे यात्रा नहीं कर पाते। ऐसे सभी श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक एवं सुरक्षित वातावरण में तीर्थ दर्शन कराने का कार्य प्रदेश सरकार कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल तीर्थ यात्रा कराना नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सम्मान और भावनाओं को संबल प्रदान करना है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत यात्रियों के लिए आवागमन, भोजन, आवास, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं, जिससे श्रद्धालुजन पूर्ण श्रद्धा और सुविधा के साथ अपनी यात्रा संपन्न कर सकें। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा पूर्ण कर पुनः अपने घर लौटें तथा अपने अनुभवों से समाज को भी प्रेरित करें।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने तीर्थयात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप सभी मेघनगर से हरिद्वार और ऋषिकेश की पवित्र यात्रा पर प्रस्थान कर रहे हैं। आप सभी वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन में परिवार, समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपकी सेवाओं और अनुभवों के सम्मान स्वरूप मध्यप्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से आपको तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि सर्वप्रथम मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं । उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जिस उत्साह और प्रसन्नता के साथ यात्रा पर जा रहे हैं, उसी प्रसन्नता और स्वस्थता के साथ वापस लौटें।
*तीर्थयात्रियों का किया गया सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान जिले के समस्त तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा उन्हें प्रतीकात्मक यात्रा टिकट प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
*भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर*
कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं तीर्थयात्रियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं अन्य अतिथियों द्वारा भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भानु भूरिया , जनप्रतिनिधिगण , अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

.jpg)






.jpg)
















