*जनगणना कार्य में पेटलावद विकासखण्ड की ऐतिहासिक उपलब्धि*
*जिले का सबसे बड़ा ब्लॉक होने के बावजूद समय से पूर्व 100% लक्ष्य हासिल किया*
(मनोज पुरोहित)
पेटलावद। झाबुआ जिले सहित संपूर्ण मध्य प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय जनगणना कार्य के अंतर्गत पेटलावद विकासखण्ड ने एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। भौगोलिक दृष्टि से जिले के सबसे बड़े और अत्यधिक कार्यभार वाले इस विकासखण्ड ने अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए निर्धारित समय-सीमा से पूर्व ही शत-प्रतिशत 100 प्रतिशत जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विकासखण्ड के जनगणना चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार अनिल बघेल ने हर्ष व्यक्त करते हुए मैदानी स्तर पर जुटे सभी 420 प्रगणकों, सुपरवाइजरों और तकनीकी टीम के सदस्यों को विशेष रूप से बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
तहसीलदार श्री बघेल ने टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में चल रही अत्यधिक भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के इस दौर में भी हमारे सभी 420 प्रगणकों ने पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर इस अति-महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को अंजाम दिया है। पेटलावद क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से जिले का सबसे बड़ा ब्लॉक है, जहाँ चुनौतियाँ बहुत अधिक थीं। इसके बावजूद हमारी सुपरवाइजर और टेक्निकल टीम के मजबूत समन्वय तथा मैदानी कर्मियों की कड़ी मेहनत की बदौलत हमने समय से पूर्व ही इस कठिन लक्ष्य को हासिल किया है, जो पूरे जिले के लिए एक मिसाल है।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण अंचलों में बिखरी हुई बसावट और तकनीकी नेटवर्क की समस्याओं के बीच इतने बड़े स्तर पर डेटा एकत्रित करना एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था। परंतु, प्रशासन के सुदृढ़ प्रबंधन और प्रगणकों की मुस्तैदी के कारण इसे समय से पहले ही सुचारू रूप से संपन्न कर लिया गया। उच्च अधिकारियों द्वारा भी पेटलावद टीम की इस त्वरित कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की जा रही है।

.jpg)

.jpg)
















