*15 मई को आचार्य श्री विश्वरत्न सागर महाराज सा. का होगा पेटलावद में भव्य मंगल प्रवेश*
*17 मई को भव्य वरघोड़े के साथ होगा 27 शिलाओं का विधिवत पूजन, शुभ मुहूर्त 12:39 पर फरमाएंगे महामांगलिक*
(मनोज पुरोहित)
*पेटलावद (निप्र)*। श्री नाकोड़ा भैरव देव के परम उपासक गादीपति सुमित पिपाड़ा के आदेशानुसार विश्व की दूसरी मेवानगरी का निर्माण झाबुआ जिले के पेटलावद में होने जा रहा है। ज्ञात हो कि विश्व की प्रथम मेवानगरी राजस्थान में नाकोड़ा जी नाम से प्रसिद्ध है। मध्यप्रदेश की प्रथम मेवानगरी के रूप में विकसित होने जा रहे मेवानगर पेटलावद में 16 एवं 17 मई को भव्य धार्मिक आयोजन आयोजित होंगे। यह आयोजन मालव भूषण आचार्य श्री नवरत्न सागर जी महाराज साहब के सुशिष्य वर्तमान आचार्य श्री विश्वरत्न सागर जी महाराज साहब की पावन निश्रा में संपन्न होंगे।
*15 मई को होगा भव्य मंगल प्रवेश*
15 मई को आचार्य श्री विश्वरत्न सागर जी महाराज साहब आदि ठाणा का मेवानगर पेटलावद में भव्य मंगल प्रवेश होगा। इस अवसर पर श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव ट्रस्ट मंडल, कार्यकारिणी एवं समाजजन द्वारा आचार्य श्री की आगवानी की जाएगी।
इसके पश्चात 16 मई को रात्रि 8 बजे उदय गार्डन, पेटलावद परिसर में सुप्रसिद्ध भजन गायक द्वारा श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा।
*17 मई को निकलेगा भव्य वरघोड़ा*
गादीपति सुमित पिपाड़ा के आदेशानुसार 17 मई को दामोदर कॉलोनी स्थित श्री नाकोड़ा भैरव दरबार से आचार्य श्री विश्वरत्न सागर जी महाराज की पावन निश्रा में 11 अश्व, बैंड-बाजों एवं ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य वरघोड़ा प्रातः 7 बजे प्रारंभ होगा। यह वरघोड़ा नया बस स्टैंड होते हुए दादा द्वारा चयनित पावन भूमि तक पहुंचेगा। जहां दादा के आदेशानुसार 27 शिलाओं के साथ श्री पार्श्वनाथ भगवान, श्री नाकोड़ा भैरव देव, श्री नाकोड़ा काला भैरव देव, शासन देवी श्री अछुपता माताजी एवं क्षेत्रपाल राजा की मुख्य शिलाओं पर संगीतकारों द्वारा चढ़ावे बोले जाएंगे। तत्पश्चात विधिकारकों द्वारा समस्त शिलाओं का विधिवत पूजन कराया जाएगा।
*महामांगलिक का होगा आयोजन*
गादिया रेस्टोरेंट गली स्थित उदय गार्डन, पेटलावद में शुभ मुहूर्त दोपहर 12:39 बजे आचार्य श्री विश्वरत्न सागर जी महाराज साहब द्वारा महामांगलिक फरमाया जाएगा। मान्यता है कि इस चमत्कारिक महामांगलिक का श्रवण करने मात्र से आधी-व्याधि, दुःख एवं संकटों का निवारण होता है।
ट्रस्ट मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महामांगलिक में झाबुआ, रतलाम, नागदा, आलोट, राजगढ़, इंदौर, आगर, शाजापुर एवं उज्जैन सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुरु भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
*समाजजनों से की आयोजन में शामिल होने की अपील*
श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव ट्रस्ट मंडल ने सकल श्रीसंघ एवं समाजजनों से आयोजन में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पधारकर आयोजन को सफल बनाने एवं मेवानगर निर्माण में तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करने की अपील की है। संपूर्ण आयोजन को लेकर मेंवानगर पेटलावद के कार्यकारिणी सेवक एवं सेविका आयोजकों लेकर जोर शोर से तैयारियों में जुट है।

.jpg)


.jpg)
















