शुभ चिंतन और संयम के पथप्रदर्शक प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनि जी महाराज का जन्म दिवस पेटलावद में हर्षोल्लास से मनाया गया

Breaking Ticker

शुभ चिंतन और संयम के पथप्रदर्शक प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनि जी महाराज का जन्म दिवस पेटलावद में हर्षोल्लास से मनाया गया

 *शुभ चिंतन और संयम के पथप्रदर्शक प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनि जी महाराज का जन्म दिवस पेटलावद में हर्षोल्लास से मनाया गया*

( मनोज पुरोहित)

पेटलावद। आचार्य श्री उमेश मुनि जी महाराज साहब के बुद्ध पुत्र और धर्मदास गण के गणनायक प्रवर्तक श्री जिनेंद्र मुनि जी महाराज साहब का 67वां जन्म दिवस शीतला सप्तमी के पावन अवसर पर पेटलावद श्री संघ द्वारा  श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

 

इस मांगलिक अवसर पर स्थानीय श्री संघ ने विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी मंगल भावनाएं  प्रदर्शित की । कार्यक्रम के दौरान श्रावक-श्राविकाओं ने दो-दो सामायिक अणु, जिनेंद्र चालीसा का पाठ और नवकार मंत्र के सामूहिक जाप के साथ महाराज साहब के गुणों का भावपूर्ण बखान किया।



आयोजन के दौरान संघ सचिव पारसमल सोलंकी ने महाराज साहब के संदेशों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रवर्तक श्री हमेशा हमें अशुभ चिंतन का त्याग कर शुभ चिंतन में रमण करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने धर्म और शुक्ल ध्यान को अपनाने तथा जीवन से आर्त व रौद्र ध्यान के विसर्जन को ही श्रेष्ठ जीवन का आधार बताया। संघ संवाददाता जितेंद्र मेहता ने महाराज साहब के व्यक्तित्व को भगवान महावीर की साधु परिभाषा का जीवंत रूप बताया, जबकि स्वाध्यायी सोहनलाल चाणोदीया ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में उनके जैसे संतों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। 


इस कड़ी में रोहित कटकानी और चेतन कटकानी ने अपने विचारों से, जबकि रवि मेहता, खुशबू कटकानी, वंदना सोलंकी, रिंकू और पूजा सोलंकी ने सुमधुर स्तवन के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कवि पदम मेहता ने काव्य पाठ कर महाराज साहब के प्रति मंगल कामनाएं प्रेषित कीं।


 कार्यक्रम का सफल संचालन राजेंद्र कटकानी ने किया और वरिष्ठ श्रावक हस्तीमल बाफना द्वारा सुनाए गए मंगल पाठ के साथ धार्मिक सभा का समापन हुआ। 


इस गरिमामयी उपस्थिति में संघ अध्यक्ष अशोक मेहता, उपाध्यक्ष कांतिलाल झाड़मता, कोषाध्यक्ष संजय भंडारी और बहू मंडल अध्यक्षा श्रीमती संगीता मेहता सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। भक्ति भाव का यह क्रम केवल स्थानक तक सीमित नहीं रहा, दोपहर में संघ अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने गौशाला पहुंचकर गौ सेवा की और महाराज साहब के दीर्घायु होने की कामना की।

 



 

मध्यप्रदेश़ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177 मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177
"
"