*संस्कार और ज्ञान से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य — मुनि श्री कमल मुनि जी महाराज*
*लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर के सहयोग से एकीकृत हाई स्कूल करड़ावद में जीवन विज्ञान विशेष सत्र आयोजित*
(मनोज पुरोहित)
*पेटलावद।* लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर के सहयोग से एकीकृत हाई स्कूल करड़ावद में विद्यार्थियों के लिए जीवन विज्ञान विषय पर एक विशेष प्रेरणादायी सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परम पूज्य मुनि श्री कमल मुनि जी महाराज ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जो ज्ञान के साथ संस्कार भी दे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सदाचार, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
मुनिश्री ने सरल और प्रेरक कथाओं के माध्यम से बच्चों को समझाया कि गलत संगति, नशे की आदत और मोबाइल की लत उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बाधा बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्ति और मोबाइल का सीमित उपयोग करने का संकल्प भी करवाया। उनके सहज, सरस और हृदयस्पर्शी प्रवचनों का विद्यार्थियों पर गहरा प्रभाव पड़ा।इस अवसर पर बच्चो ने प्रेरणादायक गीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर के अध्यक्ष जीवन भंडारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की पीढ़ी को केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि नैतिक मूल्यों की भी उतनी ही आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को जीवन की सही दिशा दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्लब के सचिव वीरेंद्र भट्ट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मुनिश्री के वचनों को आत्मसात कर विद्यार्थी अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकते हैं। उन्होंने संस्कारों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य मोहन सोलंकी ने विद्यार्थियों को योग और प्राणायाम के माध्यम से जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की जानकारी दी। वहीं जीवन विज्ञान के मुख्य शिक्षक अवधेश कुमार ने विद्यार्थियों को जीवन विज्ञान से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ देते हुए व्यवहारिक क्रियाएं भी करवाईं।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका रेखा राव ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर द्वारा बच्चों को स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।

.jpg)


.jpg)
















