थांदला में स्वर्णकार समाज द्वारा अजमीढ जी महाराज का जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया जाएगा

Breaking Ticker

थांदला में स्वर्णकार समाज द्वारा अजमीढ जी महाराज का जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया जाएगा

 थांदला में स्वर्णकार समाज द्वारा अजमीढ जी महाराज का जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया जाएगा

शोभायात्रा, महाआरती, महाप्रसादी एवं गरबा रास कार्यक्रमों की रहेगी भव्यता

मनोज उपाध्याय 

थांदला स्वर्णकार समाज द्वारा अपने पित्र देव अजमीढ जी महाराज का जन्मोत्सव इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। समाज के पदाधिकारी विश्वास सोनी, राजू सोनी एवं जगदीश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्णकार समाज में अजमीढ जी महाराज को आदर्श, प्रेरणा स्रोत और पित्र देव के रूप में अत्यंत श्रद्धा और आस्था के साथ पूजनीय माना जाता है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उनका जन्मोत्सव भव्य आयोजन के साथ मनाने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।


कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार, 6 अक्टूबर को दोपहर 3:00 बजे स्वर्णपुरम मंदिर में आरती के साथ होगा। इसके उपरांत शाम 4:00 बजे से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा की शुरुआत स्वर्णपुरम शांति आश्रम से होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नगर भ्रमण के बाद पुनः स्वर्णपुरम मंदिर प्रांगण पर पहुंचेगी।

इस शोभायात्रा में स्वर्णकार समाज के साथ-साथ नगर के अन्य समाजों, विभिन्न धर्मों के अनुयायियों तथा श्रद्धालु भक्तों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। समाजजनों ने सभी नागरिकों से इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने की अपील की है। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक झांकियां, भजनों की प्रस्तुति, डीजे, ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्तगण नाचते-गाते हुए आगे बढ़ेंगे। पूरा नगर भक्तिमय माहौल से गूंजेगा।

शोभायात्रा के समापन पर स्वर्णपुरम मंदिर परिसर में अजमीढ जी महाराज की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के पश्चात समाजजनों एवं श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर शरद पूर्णिमा के पावन पर्व को लेकर विशेष गरबा रास का भी आयोजन स्वर्णपुरम मंदिर प्रांगण में किया गया है। देर रात तक चलने वाले इस गरबा रास में समाज की महिलाएं, युवक-युवतियां पारंपरिक परिधानों में गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन समिति ने बताया कि शरद पूर्णिमा की परंपरा के अनुरूप देर रात संयुक्त खीर प्रसादी वितरण भी किया जाएगा, जिसमें सभी समाज बंधु एवं श्रद्धालु सम्मिलित होकर प्रसादी का लाभ ले सकेंगे।

कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल बना हुआ है। नगर के नागरिकों एवं श्रद्धालु भक्तों से अपील की गई है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन में भाग लेकर धर्म, परंपरा और समाज की एकता को मजबूती प्रदान करें।

 



 

मध्यप्रदेश़ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177 मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177
"
"