फ्लावरलेट इंग्लिश एकेडमी थांदला में छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न
छात्रों ने निभाई लोकतंत्र की परंपरा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
थांदला | राजेश डामर
फ्लावरलेट इंग्लिश एकेडमी स्कूल थांदला में सत्र 2025-26 के लिए नवगठित छात्रसंघ का शपथ ग्रहण समारोह बड़ी धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। नेतृत्व, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करते हुए छात्रों ने मतदान प्रक्रिया द्वारा अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि फादर स्टीफन का स्वागत स्कूल प्रबंधक फादर जॉर्ज द्वारा किया गया। इस अवसर पर नव निर्वाचित छात्रसंघ के हेड बॉय दक्ष राठौर, हेड गर्ल प्रियंका बारिया, हाउस कैप्टन और वाइस कैप्टन सहित सभी सदस्यों को फादर स्टीफन ने ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई।
समारोह को और भी विशेष बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि फादर स्टीफन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी दिवस एवं रक्षाबंधन पर्व भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बाँधकर भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्या सिस्टर जीनो, छात्रसंघ के सदस्यगण, उनके अभिभावक तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

.jpg)

.jpg)
















