*ग्राम पंचायत खवासा जनसुनवाई में 122 आवेदनों पर सुनवाई

Breaking Ticker

*ग्राम पंचायत खवासा जनसुनवाई में 122 आवेदनों पर सुनवाई

*ग्राम पंचायत खवासा जनसुनवाई में 122 आवेदनों पर सुनवाई*

*कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश*

मनोज उपाध्याय,राजेश डामर,मनोज पुरोहित,

झाबुआ, ,कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को ग्राम पंचायत खवासा में आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत सागवा के धनपुरा फलिया के ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि स्कूल एवं हैंडपंप के समीप विद्युत डीपी स्थापित होने से हैंडपंप में करंट आने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने उक्त डीपी को हटाकर तालाब किनारे स्थापित किए जाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।


ग्राम खवासा निवासी श्रीमती दितु, स्वर्गीय मुकेश बिलवाल ने कच्चे एवं जर्जर मकान में निवास करने की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालय योजना का लाभ प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम सेमलिया खवासा निवासी श्रीमती सावित्री मगन परमार ने वृद्धावस्था/विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिलने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत खवासा के ग्रामीणों ने पानी की टंकी से बड़े तालाब स्थित श्मशान घाट तक सीसी रोड निर्माण की मांग रखते हुए बताया कि वर्षों से कीचड़ एवं गड्ढों के कारण आवागमन में कठिनाई होती है तथा किसानों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


ग्राम खवासा निवासी  पवन नारायण पाटीदार ने अपनी कृषि भूमि के राजस्व अभिलेख एवं मौके के नक्शे में अंतर होने की जानकारी देते हुए नक्शा दुरुस्ती का आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर राजस्व विभाग को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम मकोड़िया तहसील थांदला निवासी अंजु, करण एवं अर्जुन, पिता स्वर्गीय सोवन भाबर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि पिता के निधन एवं माता के अन्यत्र विवाह के बाद वे अपनी वृद्ध दादी के साथ रह रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद्यान्न पर्ची एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कलेक्टर ने खाद्य विभाग को प्रकरण की जांच कर पात्रतानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


ग्राम नवापाड़ा (ग्राम पंचायत गामड़ी) के ग्रामीणों ने नवापाड़ा से दौलतपुरा तक सड़क निर्माण, गांव में अतिरिक्त हैंडपंप तथा विद्यालय परिसर में हैंडपंप स्थापित किए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे मार्ग एवं बरसात के दौरान नालों के कारण आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत खवासा निवासी श्रीमती शकुंतला गोविंद परमार ने किराए के मकान में निवास करने की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किए जाने का आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संबंधित विभाग को पात्रतानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत खवासा में आयोजित जनसुनवाई में कुल 122 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं जिला मुख्यालय झाबुआ में अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी द्वारा आयोजित जनसुनवाई में 61 आवेदन प्राप्त हुए। दोनों स्थानों पर प्राप्त सभी आवेदनों के त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  जितेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम थांदला श्री भास्कर गाचले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 



 

मध्यप्रदेश़ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177 मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें 7697811001,7869289177
"
"